नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में बुधवार शाम प्रदर्शन के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर पुलिस और सुरक्षा बलों पर पत्थर, कांच की बोतलें और अन्य वस्तुएं फेंकनी शुरू कर दीं, जिसके बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी और जवान घायल हुए हैं, जबकि हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
टॉलस्टॉय मार्ग की ओर बढ़ी भीड़, फिर बढ़ा तनाव
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह जंतर-मंतर से टॉलस्टॉय मार्ग की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि हमले में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत समेत करीब पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। घायलों में दो एसीपी, दो इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा, स्थिति अब नियंत्रण में
घटना के बाद दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। पहले प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटाने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर हल्का बल प्रयोग किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कुछ गोले भी छोड़े गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे मौके से हट गए और इलाके में शांति बहाल कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती जारी रखी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।










