
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर से एक क्लिक में बदली 25.28 लाख किसानों की तकदीर
बिलासपुर, 28 फरवरी 2026। होली से ठीक पहले प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी से ‘कृषक उन्नति योजना’ अंतर्गत 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की। एक क्लिक के साथ ही प्रदेशभर के किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए की राशि मिली। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 7 विकास कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 नए कार्यों का शिलान्यास कर जिले को विकास की नई रफ्तार दी। कुल मिलाकर 263.17 करोड़ के 89 कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
“किसान समृद्ध तो प्रदेश समृद्ध” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह दिन किसानों के सम्मान का दिन है। प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार ने समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि होली से पहले राशि देकर सरकार ने किसानों के त्योहार को खुशहाल बनाने का प्रयास किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा, खाद में सब्सिडी, सिंचाई विस्तार और सहकारिता को सशक्त बनाने जैसे कदम किसानों को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6,000 रुपए की सहायता मिल रही है। इस वर्ष के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार करोड़ से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन कर प्रशासन में पारदर्शिता लाई जा रही है और ई-ऑफिस व्यवस्था लागू की गई है।
पीएचसी होगा सीएचसी, समाजों को 50-50 लाख की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन
मंगला की माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन
रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल और स्टेज निर्माण
सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए
पत्थरखान में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन हेतु 50 लाख रुपए
कृषि मंत्री ने दिया फसल विविधीकरण पर जोर
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों को हर वर्ष धान की राशि सीधे खातों में मिल रही है। उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन और मिश्रित खेती अपनाने, जैविक खेती की ओर बढ़ने और दुग्ध व मत्स्य उत्पादन में अवसर तलाशने का आह्वान किया।
किसानों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद किया। जगदलपुर की बसंती कश्यप ने बताया कि उनके खाते में 36 हजार रुपए आए हैं जिससे वे होली अच्छे से मना सकेंगी। कोरबा के पहाड़ी कोरवा हितग्राही सुखन साय को 53 हजार रुपए मिले, जबकि जांजगीर के किसान समर्थ सिंह को 1.41 लाख रुपए की राशि मिली। किसानों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विकास और विश्वास का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा और पर्यटन संभावनाओं से परिपूर्ण राज्य है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए एनडीडीबी से समझौता किया गया है, जिससे दुग्ध उत्पादन में क्रांति आएगी।
उन्होंने “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार किसानों, गरीबों और ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।








